
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हल्द्वानी की मिनी पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और स्कूली विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम में देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ साइबर अपराधों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमन का नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस पेंशनर्स और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ परेड का सीधा प्रसारण देखा।
गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह की भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को आत्मसात करते हुए देश की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के साथ सामाजिक जागरूकता को भी प्राथमिकता दी गई। स्क्रीन के माध्यम से स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं और बुजुर्गों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर एडीजी एपी अंशुमन ने आयोजन के लिए एसएसपी नैनीताल और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए पुलिस अधिकारियों, जवानों, पेंशनर्स और विद्यार्थियों से देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी से कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा करने और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
वहीं, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कार्यक्रम में शामिल होकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि का आभार जताया।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार और पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मोहन सिंह बंग्याल, भूपेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र सिंह कोश्यारी, दान सिंह मेहता और बलबीर सिंह देव सहित पुलिस पेंशनर्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, पुलिस की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



