
समाचार सच, नैनीताल/हल्द्वानी डेस्क। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हल्द्वानी की मिनी पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमन ने पुलिस अधिकारियों, जवानों, पुलिस पेंशनर्स और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण देखा।
गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्क्रीन के माध्यम से स्कूली बच्चों, पुलिस जवानों और पेंशनर्स को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को इनसे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों का उद्देश्य विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर एडीजी एपी अंशुमन ने आयोजन के लिए एसएसपी नैनीताल और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों, जवानों, पेंशनर्स और विद्यार्थियों से देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश सेवा करते रहने और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कार्यक्रम में शामिल होकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मार्गदर्शन करने तथा उनका मनोबल बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार और पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मोहन सिंह बंग्याल, भूपेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र सिंह कोश्यारी, दान सिंह मेहता और बलबीर सिंह देव समेत अन्य पुलिस पेंशनर्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, पुलिस की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



