दोगुनी या तिगुनी दरों पर सब्जियां बेचने वालों पर जिलाधिकारी हुए खफा

समाचार सच, हल्द्वानी। महानगर में लॉकडाउन के चलते जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की सब्जियों के फुटकर दाम निर्धारित किये है। उसके बाद भी वर्तमान में कई फुटकर विक्रेताओं के द्वारा निर्धारित दामों में सब्जियां नहीं बेची जा रही है। जिस पर शुक्रवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने नाराजगी व्यक्त हुए कहा है कि ऐसे लोगों पर अब जेल भेजने की कार्रवाई की जायेगी।
डीएम बंसल ने कहा है कि थोक मण्डी तथा जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की सब्जियों के फुटकर दाम निर्धारित कर दिये है। उन्होंने कहा कि संज्ञान मे आया है कि बहुत से फुटकर सब्जी विक्रेता निर्धारित दर से दोगुनी या तिगुनी दर पर सब्जियां बेच रहे है। इस बात पर नाराजगी व्यक्त करते हुये उन्होने कहा कि इस प्रकार का कृत्य एवं ऊंचे दामों पर सब्जियों की बिक्री कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
उन्होंनेे कहा कि संक्रमण के काल में फुटकर सब्जी विक्रेता मनमाने दरों पर सब्जी बेचकर उपभोक्ताओं का शोषण कर रहे है। उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि सभी फुटकर विक्रेता निर्धारित दरों पर ही सब्जियां बेचें नियमों का उल्लंघन करने पर सम्बन्धित विक्रेताओं पर आपदा प्रबन्धन अधिनियम के विभिन्न धाराओं मे मुकदमा पंजीकृत करते हुये जेल भेजा जायेगा।
उन्होंनेे बताया कि सब्जी की दरों के चैकिंग के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कैलाश टोलिया तथा जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन की कमेटी बनाई गयी है जो कि ऐसे सब्जी विक्रेताओं पर नजर रखे हुये है।
नैनीताल व हल्द्वानी में 10 फुटकर विक्रेताओं पर मुकदमा दर्ज
नैनीताल व महानगर हल्द्वानी में शुक्रवार को निर्धारित दरों से ऊंची दर पर सब्जियां बेचते पाये गये, प्रशासन की टीम ने ऐसे 10 फुटकर विक्रेताओं पर मुकदमा दर्ज कर दिया है। इधर डीएम सविन बंसल ने फुटकर विक्रेताओं से चेताते हुए कहा कि ऐसे लोग यह ना समझे कि प्रशासन की उनके ऊपर नजर नहीं है।
गैस सिलेन्डर होम डिलीवरी मैन को दिया जाये सेनिटाइजर
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जो गैस एजेन्सियां गैस के सिलेन्डरों की होम डिलीवरी कर रही हैं। उनके वाहनों मे डिलीवरी मैन के लिए सेनिटाइजर नहीं दिये गये है। लिहाजा सभी गैस एजेन्सियां सुनिश्चित करें कि सिलेन्डर डिलीवरी के समय वाहन में अनिवार्य रूप से मास्क एवं सेनिटाइजर उपलब्ध हो। यदि ऐसा नही होता है तो गैस डिलीवरी वाले वाहन भी सीज कर दिये जायेंगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


