प्रधानमंत्री मोदी की सौगात, जमरानी बांध से बदलेगी कुमाऊँ की तस्वीर: सीएम धामी
समाचार सच, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से मौके पर ही निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकार कर जमरानी बांध को स्वीकृति देना एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से पर्यावरणीय व तकनीकी बाधाओं को दूर किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में आने वाली हर अड़चन को दूर करते हुए राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में कोई भी योजना अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना उत्तराखंड की समृद्धि का प्रतीक बनेगी। इस परियोजना से जहां एक ओर सिंचाई और पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से कुमाऊँ के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस परियोजना से विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत की जाएगी।
इस अवसर पर जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत दो सुरंगों (टनलों) का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। नदी के पानी के डायवर्सन के लिए कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद स्थायी बांध निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जमरानी बांध परियोजना का समस्त निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस दौरान विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



