18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था, भारी वाहनों पर प्रतिबंध और कांवड़ियों के लिए अलग रूट तय
समाचार सच, हरिद्वार। श्रावण मास के पावन अवसर पर गुरुवार 30 जुलाई से विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। करोड़ों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था लागू कर दी है। पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन ने कांवड़ मेले के दौरान लागू होने वाली नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान अवश्य देख लें। मेले के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन रहेगा और कुछ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आने वाले कांवड़ वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। सभी वाहनों को तय पार्किंग स्थलों तक ही जाने की अनुमति होगी, जबकि वहां से श्रद्धालु पैदल हर की पैड़ी और अन्य घाटों तक पहुंचेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
भारी वाहनों पर भी विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 5 अगस्त से 11 अगस्त तक हरिद्वार जनपद में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि इससे पहले निर्धारित समय में ही प्रवेश की अनुमति होगी।
चारधाम यात्रा को प्रभावित होने से बचाने के लिए भी अलग यातायात व्यवस्था लागू की गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी रूट प्लान का ही अनुसरण करें।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



