हंसते-मुस्कुराते मिले थे सबसे, फिर अचानक चली गई सांसों की डोर… नहीं रहे जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी और नैनीताल के पत्रकारिता जगत के लिए शनिवार का दिन बेहद दुखद खबर लेकर आया। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके आकस्मिक निधन की खबर ने पत्रकारों, सूचना विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके असंख्य शुभचिंतकों को गहरे सदमे में डाल दिया।

शनिवार को अचानक हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। जो व्यक्ति कुछ समय पहले तक अपने सहज स्वभाव और मुस्कुराते चेहरे के साथ लोगों से मिल रहा था, उसके यूं अचानक चले जाने पर हर कोई स्तब्ध रह गया। उनके निधन की खबर फैलते ही हल्द्वानी में शोक की लहर दौड़ गई।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे गिरिजा शंकर जोशी किसी कार्य से घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़े। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह खबर जैसे ही लोगों तक पहुंची, उनके विठोरिया नंबर-1 स्थित वीके पुरम आवास पर पत्रकारों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों का पहुंचना शुरू हो गया। हर किसी की आंखें नम थीं और जुबान पर बस एक ही बात थी-जोशी जी का यूं अचानक चले जाना यकीन करना मुश्किल है।

पत्रकारों ने खो दिया अपना एक आत्मीय साथी
गिरिजा शंकर जोशी सिर्फ एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं थे। पत्रकारों के लिए वह एक ऐसे आत्मीय सहयोगी थे, जिनका दरवाजा और दिल हमेशा संवाद के लिए खुला रहता था। उनका सरल, सहज, मिलनसार और जिंदादिल व्यक्तित्व हर किसी को अपना बना लेता था।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 12 सितम्बर 2026, शनिवार | जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

पत्रकारों से जुड़े किसी भी विषय पर वह हमेशा सकारात्मक सोच के साथ सहयोग करने के लिए तैयार रहते थे। पत्रकारों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा था। शायद यही कारण है कि आज उनके जाने का दुख पत्रकारों को किसी अधिकारी के निधन से कहीं ज्यादा, अपने एक साथी और शुभचिंतक को खोने जैसा महसूस हो रहा है।

पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण पहलों से जुड़े रहे
अपने कार्यकाल के दौरान गिरिजा शंकर जोशी ने पत्रकारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई। हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी पहल उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रही।

वह पत्रकारों की समस्याओं को केवल सुनते ही नहीं थे, बल्कि उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास भी करते थे। उनका मानना था कि प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय होना जरूरी है।
आज उनके निधन के बाद पत्रकार जगत उन तमाम पलों को याद कर रहा है, जब ‘जोशी जी’ ने बिना किसी औपचारिकता के हर संभव सहयोग किया।

श्रद्धांजलि देने उमड़ा प्रशासन और पत्रकार जगत
गिरिजा शंकर जोशी के निधन की सूचना मिलते ही सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्य, रिटायर्ड सहायक सूचना निदेशक योगेश मिश्रा, सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद सिंह बिष्ट, मीडिया सलाहकार ध्रुव रौतेला, वरिष्ठ पत्रकार संजय तलवार, दिलीप सिंह गड़िया, भगवान सिंह गंगोला समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और शहर भर के पत्रकार उनके आवास पहुंचे।
सभी ने दिवंगत गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

यह भी पढ़ें -   पिथौरागढ़ में बारिश का कहर! आदि कैलाश मार्ग पर बोल्डरों की बरसात, कुलागाड़ का बैली ब्रिज बहा; तीन घाटियों का संपर्क टूटा

इघर हल्द्वानी प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय तलवाड़ सहित क्लब से जुड़े पत्रकारों सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

पत्नी, बेटे और बेटी को छोड़ गए पीछे
गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी निशा जोशी, पुत्र ओंकार जोशी और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उनके आवास पर पहुंचने वाले लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे, लेकिन इस दुख को शब्दों में बांध पाना किसी के लिए आसान नहीं था। एक पल में परिवार ने अपना सहारा खो दिया और पत्रकार जगत ने अपना एक सच्चा साथी।

रविवार सुबह निकलेगी अंतिम यात्रा
दिवंगत जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम शव यात्रा रविवार सुबह 8 बजे उनके हल्द्वानी स्थित आवास से निकाली जाएगी। इसके बाद चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनकी अंतिम विदाई में पत्रकार जगत, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों के शामिल होने की संभावना है।

समाचार सच परिवार दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। 🙏
ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और पत्नी, बच्चों एवं पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 🙏
ॐ शांति… 🙏💐

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440