-ग्राम प्रधानों ने डॉ0 इन्दिरा हृदयेश को थमाया ज्ञापनों का पुलिंदा
-सर्किल रेटों में कमी कराये जाने की मांग
समाचार सच, हल्द्वानी। विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों का एक प्रतिनिधि मण्डल शनिवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ0 इन्दिरा हृदयेश से मिला। जिसमें नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापनों का पुलिंदा सौंपा गया।
इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि भाजपा सरकार ने जमीनों के सर्किल रेटों को इतना अधिक बढ़ा दिया है कि उन दरों पर किसी भी कीमत में जमीनों को क्रय-विक्रय करना संभव नहीं है। जो पुराने एग्रीमेंट हुए थे, उन्हीं में मजबूरन रजिस्ट्रियां हो रही हैं, जिसके चलते क्रय-विक्रय एग्रीमेंट होने बंद हो गये हैं। वही दरों में 300 से 600 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है।
वही ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास प्राधिकरण लागू होने से आवासीय व व्यवसायिक भवन बनाना मुश्किल हो गया है। व्यवसाय को न तो भूमि का 143 के अन्तर्गत पास हो रही है और न ही व्यवसायिक नक्शा ही पास हो पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में नक्शा स्वीकृति की दरें शहर की अपेक्षा 5 प्रतिशत अधिक रखी गई है। इसके अलावा नगर निगम सीमा विस्तार के बाद भी सुविधाएं न मिलने का मामला भी उठाया गया। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि नगर निगम के सीमा विस्तार को करीब दो वर्ष पूर्ण होने को हैं। लेकिन तब से आज तक विकास के नाम पर कहीं भी एक ईंट नहीं रखी गई है। नगर निगम कोई कार्य करना तो दूर हाउस टैक्स व अन्य टैक्सों के साथ-साथ खाली पड़े भूखंडों से भी टैक्स वसूली की बात कर रहा है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से बढ़ाये गये सर्किल रेट, जबरन थोपे गये प्राधिकरण व नगर निगम से उत्पन्न हुई परेशानियों का मुद्दा विधान सभा में उठाकर इसके समाधान करने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्राम प्रधान आनन्दपुर, कुरिया गांव, बजूनिया हल्दू, देवलचौड़, रतनपुर, हल्दूपोखरा नायक, कमलुवागांजा मेहता, हरिपुर तल्ला, पूरनपुर, रामड़ी आन सिंह, ग्राम पंचायत रामपुर, विदरामपुर, हरिपुर जमन सिंह, के अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


