
समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने प्रदेश में वर्ष 2001 में भर्ती पुलिस आरक्षियों को वर्ष 2001 से पूर्व भर्ती पुलिस आरक्षियों की भांति ही 20 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के उपरांत 4600 ग्रेड वेतन प्रदान करने को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि पुलिस विभाग में वर्ष 2001 में भर्ती पुलिस आरक्षियों में एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेशन (ए.सी.पी.) के कारण असंतोष व्याप्त है। 6वें वेतन आयोग की सिफारिश लागू होने के बाद पुलिस विभाग में 16 वर्ष की संतोषजनक सेवा करने के उपरांत पुलिस आरक्षियों को 4600 ग्रेड पे दिया जा रहा था। इसे 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू होने से पूर्व ही पूर्ववर्ती सरकार द्वारा एमएसीपीएस 2017 के आधार पर 20 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण होने पर 4600 ग्रेड पे देने के आदेश पारित किए गए थे, जो कि 2001 से पूर्व के पुलिस आरक्षियों को यथावत प्रदान किये जा रहे हैं। वर्तमान में 2001 में भर्ती पुलिस आरक्षियों को गत वर्ष अक्टूबर माह में 20 वर्ष पूर्ण होने पर शासन द्वारा ऐसे पुलिस कर्मियों को 4600 के स्थान पर 2800 ग्रेड पे देने के आदेश पारित किये गये हैं, जो न्यायोचित नहीं है। इस कारण वर्ष 2001 में भर्ती पुलिस कर्मियों के वेतन पर अत्यधिक असर पड़ रहा है। साथ ही उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। जिससे वर्ष 2001 में भर्ती पुलिस कर्मियों में रोष व्याप्त है। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से वर्ष 2001 में भर्ती पुलिस आरक्षियों को भी वर्ष 2001 से पूर्व भर्ती पुलिस आरक्षियों की भांति ही 20 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण करने के उपरांत 4600 ग्रेड पे प्रदान करने के संबंध में अग्रिम कार्यवाही के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












