समाचार सच, हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने स्वयं के अपहरण का झूठा नाटक रच दिया। अपहरण व लूटपाट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। मेडिकल परीक्षण कराने पर मामला खुल गया। उसने पड़ोसी को फंसाने के लिए यह योजना बनाई थी। झूठी कहानी बनाने पर पुलिस ने उसे जमकर लताड़ लगाई और माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनभूलपुरा के इन्द्रानगर में रहने वाले जलीस अहमद पुत्र ताज मोहम्मद ने बीते दिनों बनभूलपुरा थाने में अपने भाई खलील अहमद की गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसमें उसने कहा था कि उसका भाई सात मार्च की शाम से लापता है। इसके बाद पुलिस उसकी खोजबीन में जुट गई।
इधर दो दिन पूर्व पुलिस को सूचना मिली कि गौला नदी में एक युवक अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। जब पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की तो वह खलील निकला। उसने बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया था और उसे तीन दिन से बंधक बनाकर रखा गया है। लुटेरे उसका मोबाइल फोन लूटने के साथ-साथ मारपीट भी कर गये। इस पर पुलिस ने जब बेस चिकित्सालय में उसका मेडिकल परीक्षण कराया तो रिपोर्ट चौंकाने वाली थी। रिपोर्ट में न तो उसके साथ मारपीट होना पाया गया और न ही उसका भूखा होना मिला। इस पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो भेद खुल गया। उसने पुलिस को बताया कि उसका अपने पड़ोसी पप्पू से मकान के छज्जे को लेकर विवाद चला आ रहा है। खुद के अपहरण होने की झूठी साजिश रचकर वह पप्पू को झूठा फंसाना चाहता है। जिसके लिए उसने यह पूरी योजना बनाई। इस पर पुलिस ने उसे जमकर फटकार लगाई और दुबरा ऐसा करने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत दी। खलील के लिखित रूप से माफी मांगने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















