समाचार सच, हल्द्वानी। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लागू लॉक डाउन का पालन कराने में पुलिस-प्रशासन पूरी सख्ती बरत रहा है। जरूरी सामान के लिए मिली छूट में भी वाहनों को रोक कर वजह पूछी जा रही है। वाजिब वजह न बता पाने वाले को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। जरूरतमंदों तक पुलिस-प्रशासन व सामाजिक संगठन खाद्य सामग्री पहुंचा रहे हैं। इधर रविवार को लोडिंग व अनलोडिंग के चलते बाजार क्षेत्र में फल-सब्जी के ठेले व दुकानें बंद रही। जरूरी सेवा के काम होते रहे।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए उत्तराखंड में लागू लॉक डाउन के 15वें दिन भी अन्य दिनों की तरह जरूरत के सामान की दुकानें खुली रही। जबकि नवीन मंडी रविवार को पूर्णतया बंद रही। यहां से केवल पर्वतीय क्षेत्रों के लिए ही खाद्यान्न, फल-सब्जी आदि के लिए दोपहर बाद वाहन संचालित हुए। जरूरी सामान का वाहनों में लोडिंग-अनलोडिंग का काम चलता रहा। जबकि मंगल पड़ाव, फल मंडी, अब्दुल्ला बिल्डिंग, रोडवेज स्टेशन तक लगने वाले फल-सब्जी के ठेले व दुकानें रविवार को बंद रही। इसका कारण नवीन मंडी का बंद रहना भी बताया गया। पुलिस-प्रशासन भी लॉक डाउन का पूर्णतया पालन कराया जा रहा है।
बीते कुछ दिनों की अपेक्षा आज जरूरी सामान खरीदने के लिए मिली छूट के दौरान भी बाजार क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं राशनों की दुकानों में भी भीड़ अब ना के बराबर देखने को मिल रही है। नियम तोड़ने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। जरूरी सामान खरीदने के लिए घ्दी गई छूट के दौरान भी पुलिस व सीपीयू वाहनों को रोककर चालकों से वजह पूछ रही है। जिसके चलते बेवजह घूमने वालों पर भी रोक लगती देखी गई।
इधर पुलिस-प्रशासन बाहर से आनों वालों पर भी निगरानी रखे हुए है। बाहर से आये लोगों को चिन्हित कर उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। रविवार को लोग जरूरत के सामान के साथ-साथ दिये, मोमबत्ती आदि भी खरीदते देखे गये। लॉक डाउन के चलते फंसे लोगों को खेल स्टेडियम, गौलापार के साथ ही अलग-अलग स्थानों में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। इन लोगों के साथ ही गरीब-मजदूर तबके के लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने में पुलिस-प्रशासन के अलावा सामाजिक संगठन भी जुटे हुए हैं।
रिपोर्ट: सुशील शर्मा



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


