हत्याकांड का खुलासा: बदले की भावना से की गयी थी भगीरथ सुयाल की हत्या, एक गिरफ्तार दूसरे की तलाश

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। भगीरथ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या बदले की भावना से की गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पकड़े गये आरोपी को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है।

ज्ञात हो कि कलावती कॉलोनी चौराहे में ऑटो स्पेयर पार्टस की दुकान चलाने वाले मल्ला गोरखपुर निवासी 37 वर्षीय भगीरथ सुयाल पुत्र त्रिलोचन सुयाल की शुक्रवार की रात लाठी-डंडों से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसकी पत्नी ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस हत्यारोपियों की सुरागकशी में जुट गई। हत्यारों की धरपकड़ के लिए कई टीमें भी गठित की गई। जिन्हें अलग-अलग स्थानों के लिए रवाना किया गया। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने सोमवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन में हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि इस मामले में घटनास्थल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि पवन पाल व राहुल धनेला का मृतक के साथ घटना वाले दिन विवाद हो गया था। इस आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मुखबिर की सूचना पर एचमएटी फैक्ट्री के पास से आरोपी राहुल धनेला पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम पिढ़ौली, दरमौली, मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक के सबके सामने मारपीट करने पर उन्होंने उसे मौत के घाट उतारने की योजना बनाई। घटना वाली रात दोनों लाठी-डंडों से लैस होकर मृतक की दुकान पहुंचे और पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गये। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी संख्या यूके 04वी-7381 को कब्जे में ले लिया है। जबकि गिरफ्तार आरोपी को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि फरार अभियुक्त की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इसके लिए कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसओजी प्रभारी सुधीर कुमार, एसआई कैलाश सिंह नेगी, मंगल सिंह, दिनेश जोशी, मनोज यादव, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, विरेंद्र चौहान, इसरार अहमद, इसरार नबी, संतोष कुमार, बंशीधर जोशी, प्रदीप कुमार, रविन्द्र खोलिया, घनश्याम शामिल रहे।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्ड से जयपुर जा रही वोल्वो बनी आग का गोला, 32 यात्रियों की जान बची

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440