दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों की बल्ले-बल्ले, तीन समितियों में बंटा 29.39 लाख का बोनस

खबर शेयर करें

3.81 करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर मिला बोनस, धनतेरस से पहले पशुपालकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

समाचार सच, लालकुआं/हल्द्वानी।
दीपावली के त्योहार से पहले दुग्ध उत्पादकों के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आई है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की तीन दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में लाखों रुपये का बोनस वितरित किया गया। तीनों समितियों में कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये की दुग्ध खरीद के एवज में 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस बांटा गया। त्योहार से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों में खुशी देखने को मिली और उन्होंने दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार जताया।

रामपुर रोड, हल्द्वानी स्थित बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी क्षेत्र की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में आयोजित बोनस वितरण कार्यक्रमों की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की।

बेड़ा पोखरा समिति को मिला सबसे अधिक बोनस
बोनस वितरण के तहत बेड़ा पोखरा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये का बोनस वितरित किया गया।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार | कार्तिक कृष्ण पंचमी आज, कई राशियों के लिए धन और तरक्की के योग, जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल

वहीं, कमोला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में 1 करोड़ 42 लाख रुपये की दुग्ध खरीद पर 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति में 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की दुग्ध खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस दिया गया।

तीनों समितियों में कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। कमोला समिति में इस दौरान वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।

पशुपालकों की मेहनत को सम्मान देना प्राथमिकता: मुकेश बोरा
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को लेकर गंभीर है। पशुपालक दिन-रात मेहनत करके दुग्ध उत्पादन करते हैं और उनकी मेहनत का सम्मान करना संघ की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में रोडवेज बसों पर हड़ताल का साया, कर्मचारियों के आंदोलन से यात्रियों की बढ़ सकती है मुसीबत!

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके हितों को प्राथमिकता देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की सबसे बड़ी ताकत है। संघ भविष्य में भी उत्पादकों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

अधिक दूध देने वाले उत्पादक सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अधिक दुग्ध उत्पादन करने वाले उत्पादकों को भी प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न समितियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित कई दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440