समाचार सच, बाजपुर डेस्क। करवाचौथ से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। उत्तराखंड के बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर दोराहा के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दंपती को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनौरा निवासी 48 वर्षीय मुन्नालाल अपनी पत्नी जोसमीन के साथ बाइक से केलाखेड़ा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोनों अभी नेशनल हाईवे-74 पर दोराहा के पास ओवरब्रिज के नजदीक पहुंचे ही थे कि पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। करवाचौथ से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए गहरे दुख में बदल दिया।
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।
हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। करवाचौथ से पहले पति-पत्नी की एक साथ मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



