समाचार सच, बागेश्वर-कौसानी। उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल स्थित कौसानी के एक राजकीय इंटर कॉलेज इन दिनों अजीब और रहस्यमयी घटनाओं को लेकर चर्चा में है। स्कूल परिसर में लगातार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के मामलों ने जहां अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं “अलौकिक प्रभाव” जैसी अफवाहों ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल की कई छात्राओं को अचानक चक्कर आना, घबराहट और बेहोशी जैसी समस्याएं होने लगीं। इन घटनाओं से छात्रों में डर का माहौल बन गया, जिससे स्कूल प्रशासन और अभिभावक दोनों परेशान हो उठे। हालात को संभालने के लिए शुरुआत में छात्राओं की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन इसका खास असर नहीं दिखा।
इसके बाद प्रशासन ने छात्रों के मानसिक तनाव को कम करने के उद्देश्य से स्कूल परिसर में एक छोटा मंदिर बनवाया और वहां शांति पाठ का आयोजन कराया। इस दौरान अभिभावकों से सहयोग राशि लेने की बात भी सामने आई, हालांकि अभिभावक-शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि किसी पर कोई दबाव नहीं डाला गया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें स्कूल परिसर में पशु बलि जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। हालांकि इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और स्थानीय स्तर पर कई लोग इसे भ्रामक बता रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
फिलहाल यह पूरा मामला छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और स्कूलों में हो रही गतिविधियों को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर रहा है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



