समाचार सच, देहरादून। नगर निगम देहरादून की बोर्ड बैठक के दौरान शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए, जिनमें किन्नर समुदाय द्वारा ली जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा 5,100 रुपये तय करना शामिल है। इसके अलावा सफाई कर्मियों, जिन्हें पर्यावरण मित्र कहा जाता है, के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा भी की गई। हालांकि, सभी प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते बैठक को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
नगर निगम की यह चौथी बोर्ड बैठक काफी हंगामेदार रही। कुल 65 प्रस्ताव एजेंडे में शामिल थे, लेकिन बहस से ज्यादा विवाद और नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा और कांग्रेस के पार्षद कई बार आमने-सामने आ गए, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण बना रहा और सभी प्रस्तावों पर चर्चा संभव नहीं हो पाई।
बैठक में सफाई कर्मियों के मानदेय को 500 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये प्रतिदिन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, किन्नर समुदाय द्वारा मनमाने तरीके से धनराशि मांगने के मुद्दे पर भी पार्षदों ने चर्चा की। लंबी बहस के बाद यह तय किया गया कि बधाई राशि की अधिकतम सीमा 5,100 रुपये होगी। अब इस फैसले पर किन्नर समाज की प्रतिक्रिया क्या होगी, इस पर भी नजर रहेगी। उल्लेखनीय है कि यह प्रस्ताव पहले भी लाया गया था, लेकिन तब इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। साथ ही, हर वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की बात भी कही गई। बाकी बचे प्रस्तावों पर चर्चा गुरुवार सुबह 11 बजे से फिर शुरू की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



