राजभवन के कार्मिकों के लिये हुआ ‘परिवार मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। राजभवन के समस्त कार्मिकों एवं उनके परिजनों हेतु परिवार मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजभवन ऑडिटोरियम में आयोजित परिवार मिलन कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने समस्त कार्मिकों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने प्रत्येक कार्मिक एवं उनके परिवार की सदस्य की व्यक्तिगत एवं कार्यालयी समस्याओं के बारे में जाना। इस दौरान उपस्थित सदस्यों द्वारा राज्यपाल को कई समस्याओं से अवगत कराया गया जिस पर राज्यपाल द्वारा समस्याओं के निदान का आश्वासन देते हुए दिए गए सुझावों पर अमल करने की बात कही। राज्यपाल ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि राजभवन में कार्य करने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एक परिवार के रूप में हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार के किसी भी सदस्य की समस्या मेरी समस्या है जिनका निदान करना मेरी प्राथमिकताओं में रहेगा। राज्यपाल ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक राजभवन की गरिमा, सम्मान एवं प्रतिष्ठा के अनुसार अपना व्यवहार बनाएं एवं कार्यों का संपादन करें।

यह भी पढ़ें -   श्रावणी उपाकर्म और संस्कृत दिवस पर गूंजा संस्कृत का गौरव, शिक्षाविद् चंद्रशेखर भट्ट सम्मानित

राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक शासकीय कार्मिक अपने कार्यों को पूरी श्रद्धा एवं ईमानदारी से करें। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यों में उत्कृष्टता और अपने उत्तरदायित्वों के प्रति खरा उतरने का प्रयास करें। भ्रष्टाचार रहित कार्य शैली, आत्मानुशासन, ईमानदारी और मानवीय संवेदनशीलता प्रत्येक कार्मिक की लक्ष्मण रेखा है।

राज्यपाल ने कहा कि राजभवन में जल्द ही फैमली वेलफेयर सेंटर बनाया जायेगा जिसमें राजभवन में कार्यरत कार्मिकों के बच्चों एवं महिलाओं को विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार प्रशिक्षण दिये जायेंगे। इसमें महिला स्वयं सहायता समूह का गठन भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था का भी प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में अगले 5 दिन मौसम दिखाएगा तेवर! पहाड़ से मैदान तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बिजली-भूस्खलन का खतरा

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्मिक को एक संगठित रूप में रहना आवश्यक है और राजभवन में होने वाले हर कार्यक्रम में प्रतिभाग करें। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन ने कहा कि राज्यपाल की प्रेरणा से परिवार मिलन कार्यक्रम एक सराहनीय पहल है।

इसके माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी बात सीधे अपने मुखिया तक पहुंचाने का मंच मिलता है। उन्होंने आश्वस्त किया की जो भी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त हुए हैं उनका निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा। इस अवसर पर राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।

‘Parivar Milan’ program organized for the employees of Raj Bhavan

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440