समाजसेवियों, पुलिसकर्मियों भी आगे आये
समाचार सच, हल्द्वानी (हर्षित चौहान/रोहित यादव) । कोरोना बीमारी के मद्देनजर यहां के जनप्रतिनिधियों ने भी सहायता के हाथ बढ़ा दिए है। वे खाद्य सामग्री, ग्लब्ज, मास्क, सेनिटाइजर, फल, पानी के बोतल, भोजन आदि बांटकर जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनकर उभरे है। वहीं लोगों को भविष्य में भी सहायता के लिए आश्वासन भी दे रहे है। गौरतलब है कि कोरोना बीमारी को लेकर शहर में बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों के समक्ष भोजन-पानी की समस्या आ रही हैं। वहीं गरीबों, मजदूरों को खाद्य सामग्री, सब्जी व अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों द्वारा किया जा रहा है। उनकी इस पहल का आम जनमानस ने स्वागत किया है। समाचार सच ऐसे ही हल्द्वानी के कई कोरोना वीरों की बात आप सभी तक पहुंचाना चाहता है।
सेतु सामाजिक विकास समिति द्वारा 200 परिवारों को खाद्य सामग्री देने का लक्ष्य

पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज तिवारी द्वारा अपने क्षेत्र में गरीब असहाय लोगों की सेवा की जा रही है। उन्होंने बताया कि हमें इस समय कोरोना बीमारी से बचाव के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। हमारी सेतु सामाजिक विकास समिति द्वारा 200 परिवारों को खाद्य सामग्री देने का लक्ष्य रखा गया है, और जहां सरकार अपने स्तर से कार्य कर रही हैं वहीं हमें भी व्यक्तिगत रूप से आगे आकर अपने-अपने स्तर तक सहयोग करना चाहिए। संस्था द्वारा लामाचौड़, फतेहपुर, गांधी आश्रम आदि क्षेत्रों में गरीब व असहाय लोगों की आर्थिक रूप से मदद की जा रही है। जिसमें उनके साथ कमल पलड़िया, गणेश भंडारी, रितु जोशी, कपिल देव, ललित मोहन आर्य, तथा हेमू पलड़िया आदि साथियों द्वारा जनता की मदद की जा रही है।
थालसेवा और रोटी बैंक असहाय लोगो को दो वक्त की रोटी खिलाकर कर रहा हैं मदद

जहां कोरोना का संकट पूरे देश में फैल रहा है वही गरीब जनता के लिए यह आर्थिक संकट भी बनता जा रहा है। इसको देखते हुए हल्द्वानी के अन्दर कार्य कर रही कई सामाजिक संस्थाएं इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंदों के लिए देवदूत बनकर सामने आ रही है जिसमें मुख्य रूप से थालसेवा और रोटी बैंक नामक गैर लाभकारी संस्थाएं गरीबों और असहाय लोगो को दो वक्त की रोटी खिलाकर उनकी मदद कर रही है। जिसमें इन संस्थाओ द्वारा 1100 भोजन पैकेट तैयार कर जरूरतमंदो को वितरित किया गया। वही संस्थाओं द्वारा बताया गया कि इस संकट की घड़ी में हम शहर के मुख्य स्थानों जैसे काठगोदाम, मुखानी, मंगलपड़ाव, टीपीनगर, मंडी, कुल्यालर्पुुरा तथा आवास विकास आदि कई इलाकों में भोजन वितरित किया जा रहा है। वही थालसेवा संस्था के अध्यक्ष दिनेश मानसेरा ने बताया कि हमने 1 हजार राशन किट बंटवाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए हम निरन्तर प्रयास करते रहेगें। ताकि शहर का कोई भी गरीब मजदूर असहाय भूखा न रहे। संस्थाओं में मुख्य रूप से टीम में उमंग वासुदेवा, राजीव वाही, गिरीश गुप्ता, तरूण सक्सेना तथा रवि यादव आदि कार्यरत है।
वंदे मातरम् गु्रप द्वारा राशन वितरण
इधर असहाय एवं मजदूर वर्गो की मदद के लिए वंदे मातरम् गु्रप द्वारा राशन वितरण किया जा रहा है। इनके द्वारा शहर के क्षेत्र कुसुमखेड़ा, समता आश्रम, राजपुरा क्षेत्र में असहाय गरीब लोगों को लॉकडाउन के कारण अपनी अजीविका की पूर्ति के लिए उनकी हर संभव मदद की जा रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा गरीब व असहाय जनों की सेवा
शहर के सामाजिक संस्थाओं द्वारा अपने-अपने स्तर पर लोगों की मदद करी जा रही है वही पुलिस प्रशासन द्वारा गरीब व असहाय जनों की सेवा के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा हैं। डीआईजी पुलिस कुमाऊं जगतराम जोशी और एसएसपी नैनीताल सुनील कुमार मीणा के निर्देश पर हल्द्वानी बनभूलपूरा और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में गरीब मजदूरों के लिए 300 राशन किट भेजी गई। वहीं जिस-जिस जगह से प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई वहां 20 मिनट के अंदर भोजन पैकेट, राशन पैकेट आदि भेज दिए जा रहे है।

उधर शहर के कई थानों द्वारा गरीब व जरूरतमंदों की सहायता के लिए कार्य किया जा रहा है जिसमें थाना मंडी हल्द्वानी से चौकी प्रभारी मुनव्वर हुसैन उनकी टीम व स्थानीय निवासी रोहताश अग्रवाल राइस मिल हल्द्वानी के साथ मिलकर 25 परिवारों को लगभग 10 से 15 दिन का राशन वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त मंडी क्षेत्र के आसपास के असहाय लोगो के लिए प्रतिदिन 300 पैकेट खाना पुलिस टीम द्वारा मुहया कराया जाएगा।
दूसरी तरफ थाना काठगोदाम से थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत द्वारा थाना परिसर में स्थानीय थाल सेवा हल्द्वानी के सौजन्य से गोला नदी में काम करने वाले 100 मजदूर परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित कर राहत पहुचाई गयी।

साथ ही चौकी ज्योलीकोट से चौकी प्रभारी चंद्रशेखर कन्याल द्वारा ज्योलीकोट थाना और ज्योलीकोट क्षेत्र के अन्तर्गत मजदूर एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को खाद्य सामग्री वितरित की गई।
आरटीओ चौकी के इंचार्ज निर्मल लटवाल द्वारा भी अपने कार्य क्षेत्र में जरूरतमंदों तक मदद पहुचाई जा रही है। इसके अतिरिक्त जनपद नैनीताल के समस्त थाना चौकी क्षेत्र अंतर्गत संबंधित पुलिस द्वारा प्रतिदिन खाने की सामग्री वितरित कराई जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


