समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने बीते दिनों मंडी व रामपुर रोड क्षेत्र में बंद घरों में हुई चोरियों के मामले में एक चोर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो अन्य साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने पकड़े गये चोर के खिलाफ कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया।
ज्ञात हो कि बीते दिनों मंडी व रामपुर रोड क्षेत्र में चोरों द्वारा बंद घरों को निशाना बनाया जा रहा था। इन मामलों में शिव कुमार निवासी बरेली रोड व ज्योति निवासी रामबाग कॉलोनी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और चोरों की सुरागकशी शुरू कर दी। पुलिस ने चोरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली साथ ही पुराने चोरों व संदिग्धों का सत्यापन किया। इस आधार पर पुलिस ने इन चोरियों में संलिप्त सलमान हुसैन पुत्र साबिर हुसैन निवासी वार्ड नंबर 5, मोहल्ला इस्लाम नगर, खटीमा को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषणों के अलावा आलानकब भी बरामद किये हैं। एसपीसिटी हरबंश सिंह ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गये चोर ने बताया कि वह अपने दो साथी अकील अहमद पुत्र मुन्ने निवासी इस्लाम नगर, खटीमा व दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता पुत्र होरी लाल निवासी गोरीखेड़ा के साथ वारदातों को अंजाम देता था। वह तीनों दिन के समय बंद घरों की रैकी करते थे और रात के समय घटना को अंजाम देते थे। उसने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी के जेवरात वह उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में सुनारों को बेच देते थे साथ ही उसका यह भी कहना था कि उसका एक साथी दीपक गुप्ता कुछ दिन पहले दिनेशपुर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। वर्तमान में वह जेल में बंद है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में कोतवाल हरेंद्र चौधरी, एसएसआई रमेश सिंह बोरा, एसआई संजीत राठौड़, जगदीप नेगी, कांस्टेबल बंशीधर जोशी, सुरेंद्र सिंह, परवेज अली, वीरेंद्र चौहान, जितेंद्र कुमार, कृष्ण चन्द्र शर्मा शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440













