समाचार सच, भवाली। नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और भवाली बाजार में जुलूस निकालते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भवाली कोतवाली का घेराव किया गया और आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग उठी। नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए बाजार क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के बाद हालात पर काबू पा लिया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 4 फरवरी को भवाली के एक निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक नाबालिग किशोरी गर्भवती है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और परिजनों से संपर्क कर पूरे मामले की जांच शुरू की गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है, वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जरूरत पड़ी तो आरोपों में और धाराएं जोड़ी जाएंगी।
एसपी सिटी नैनीताल जगदीश चंद्रा ने कहा कि कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भवाली क्षेत्र में टैक्सी चालक के रूप में काम करता है, जबकि पीड़िता 10वीं कक्षा की छात्रा है और उसकी उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। इस मामले को लेकर कुछ तत्वों द्वारा सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन पुलिस ने साफ किया है कि जांच पूरी तरह साक्ष्यों और कानून के आधार पर की जा रही है।
फिलहाल भवाली क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बनाए हुए है और स्थिति नियंत्रण में है, जबकि लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश बना हुआ है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



