समाचार सच, ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में बन रहा बहुप्रतीक्षित बजरंग सेतु एक बार फिर गुणवत्ता को लेकर सवालों में घिर गया है। उद्घाटन से पहले ही पुल के ग्लास फुटपाथ का कांच दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद प्रशासन को एहतियातन उस हिस्से से आवाजाही रोकनी पड़ी।
लक्ष्मण झूला के पास बन रहे इस पुल के दोनों किनारों पर लगाए गए पारदर्शी कांच में दरारें आने से सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। खास बात यह है कि इससे पहले भी दो बार इसी तरह कांच टूटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसे बाद में बदल दिया गया था।
करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण 2022 में शुरू हुआ था। 132 मीटर लंबे और पांच मीटर चौड़े इस पुल में आकर्षण बढ़ाने के लिए दोनों ओर ग्लास फुटपाथ बनाए गए हैं, जहां पर्यटक रुककर फोटो और सेल्फी ले सकें।
हालांकि, पुल का उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है, इसके बावजूद स्थानीय लोग और पर्यटक यहां आवाजाही कर रहे हैं। विभाग की ओर से न तो कोई स्पष्ट मानक तय किए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए कोई निगरानी व्यवस्था दिखाई दे रही है।
इससे पहले जनवरी 2026 में भी सेल्फी प्वाइंट के पास कांच टूटने की घटना सामने आई थी। उस वक्त भी बड़ा हादसा टल गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पुल की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि 2022 में ही सुरक्षा कारणों से ऐतिहासिक लक्ष्मण झूला पुल को बंद कर दिया गया था। ऐसे में नए पुल से लोगों को सुरक्षित विकल्प मिलने की उम्मीद थी, लेकिन मौजूदा हालात चिंता बढ़ा रहे हैं।
फिलहाल, संबंधित अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल को पूरी तरह सुरक्षित किए बिना आम लोगों के लिए खोलना खतरे से खाली नहीं होगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



