रविवार को मिली 93 लोगों की सैंपलों की रिपोर्ट नैगेटिव
समाचार सच, हल्द्वानी/देहरादून। कोरोना संक्रमण मामले में उत्तराखंड के लिए रविवार का दिन राहत वाला रहा। राज्य में बीते चार दिन से एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। रविवार को मिली 93 लोगों की सैंपल रिपोर्ट मिली, जिनमें सभी नैगेटिव हैं। राज्य में अभी तक सात लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। अभी तक राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 35 है।
राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अभी तक लैब में राज्यभर से 1820 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें ले 1452 के सैंपल की रिपोर्ट नैगेटिव प्राप्त हुई है, जबकि 333 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।

राज्यभर में 53,970 लोगों को होम क्वारान्टाइन किया गया है, जबकि 1823 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारान्टाइन हैं। राज्य के अस्पतालों में 373 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। अभी तक सबसे ज्यादा 674 सैंपल देहरादून जिला से जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 581 की रिपोर्ट नैगेटिव है। जबकि 75 सैंपलों की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। देहरादून जिला में छह लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।

इधर हल्द्वानी में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 भारती राणा तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 रश्मि पंत के नेतृत्व में चिकित्सा विभाग की 10 टीमों ने बनभूलपुरा क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डा0 पंत ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा प्रतिदिन स्वास्थ परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्बन्धित क्षेत्र में 413 घरों के 2218 परिवारों के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान संक्रमण से सम्बन्धित कोई लक्षण नहीं मिले। उन्होंने बताया कि ललिल आर्य महिला इन्टर कालेज में 35 लोगों के सैम्पल भी लिये गये।
इस अवसर पर डा0 बलबीर के अलावा आशा एवं एएनएम भी मौजूद थी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


