समाचार सच, रुद्रपुर/पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (पंतनगर विश्वविद्यालय) ने प्रवेश परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। स्नातक, स्नातकोत्तर, एमसीए और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित इस परीक्षा का परिणाम विश्वविद्यालय के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर जारी किया गया है। परिणाम घोषित होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष प्रवेश परीक्षाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा में 7,358 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए 867 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसके अलावा एमसीए में 124 और पीएचडी कार्यक्रमों में 436 अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई।
स्नातक प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची में हरिद्वार के वासुदेव कृष्ण पाठक ने पहला स्थान हासिल कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। रामपुर के मोहम्मद कैफ दूसरे और नैनीताल की नीलम बेलवाल तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में रुद्रपुर की मानसी जोशी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हल्द्वानी की प्रतिभा नागरकोटी दूसरे तथा हरियाणा के विवेक शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। एमसीए कार्यक्रम की मेरिट सूची में बरेली के प्रियांश भर्दवाल ने प्रथम, पिथौरागढ़ के गौरव जोशी ने द्वितीय और काशीपुर की कनिका तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ए.के. उपाध्याय ने बताया कि स्नातकोत्तर एवं पीएचडी कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 6 जून को तथा स्नातक एवं एमसीए कार्यक्रमों की परीक्षा 7 जून 2026 को उत्तराखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुईं।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्ता आधारित और पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभ्यर्थियों की संख्या में हुई उल्लेखनीय वृद्धि विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के भरोसे को दर्शाती है।
उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित आगामी सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



