समाचार सच, हल्द्वानी। हल्द्वानी में बेस अस्पताल के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और तत्काल घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मार्च की रात करीब 10.25 बजे बेस अस्पताल के समीप एक पल्सर बाइक (नंबर यूके04 एएन 5778) तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए एक रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक भी चोटिल हो गया।
मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने बिना देर किए मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए तत्काल बेस अस्पताल पहुँचाया। घायल रिक्शा चालक की पहचान नरेश सिंह (पुत्र हरीश सिंह), निवासी तारा टेंट हाउस, लालडांठ, हल्द्वानी के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे में घायल बाइक सवार सूरज बिष्ट (पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट), निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर को भी प्राथमिक उपचार के बाद तबीयत में सुधार न होने पर मंगलवार सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और रिक्शा को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली हल्द्वानी परिसर में खड़ा कर दिया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण गिरी, अपर उपनिरीक्षक महंगा राम, कांस्टेबल जगदीश भंडारी, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर, कांस्टेबल कमलेश नौला शामिल थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



