समाचार सच, नैनीताल।
उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग की ओर से नैनीताल जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान शनिवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित नहीं होंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया गया है कि 26 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
मौसम की इन प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच नदी, नालों और गधेरों में जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय बंद रखने का फैसला लिया है।
इन आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश
प्रशासन के आदेश के अनुसार नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, उन पर यह अवकाश व्यवस्था लागू नहीं होगी।
मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना: 26 सितंबर को नैनीताल जिले में सामान्य स्कूल संचालन बंद रहेगा। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



