समाचार सच, हल्द्वानी। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री और वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने प्रेस वार्ता कर भीमताल विधानसभा से विधायक रामसिंह कैड़ा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक अस्थि रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया को कथित रूप से गलत कार्य करने का दबाव बनाया गया और मना करने पर धमकी दी गई।
पनेरु के अनुसार 23 फरवरी को खनस्यूं में आयोजित चिकित्सा शिविर के दौरान विधायक ने डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को फोन कर दबाव बनाने की कोशिश भी की। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों द्वारा सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण बताते हुए राज्य में भय का माहौल बनने की बात कही।
प्रेस वार्ता में पनेरु ने आरोप लगाया कि राज्य में अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की कथित आक्रामक कार्यशैली से प्रशासनिक तंत्र प्रभावित हो रहा है और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि भीमताल क्षेत्र में इस तरह की कार्यशैली को स्वीकार नहीं किया जाएगा और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठती रहेगी।
इधर मामले में विधायक या संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



