मन्दिर में महन्तों व घरों में भक्तों ने मनाया हनुमत जी को
समाचार सच, हल्द्वानी। वीर हनुमान जन्मोत्सव पर भी कोरोना वायरस बीमारी का असर देखने को मिला। ज्ञात हो कि इससे पूर्व चैत्र नवरात्रे में भी मंदिर सूने देखने को मिले थे। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लागू लॉक डाउन के चलते इन दिनों समस्त धार्मिक स्थलों में भी आवाजाही पर रोक है। जिसके चलते मंदिरों में केवल पुजारी ही पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बुधवार को जहां एक ओर नगर के बंद पड़े मंदिरों में महन्तों ने विधिविधान के साथ पूजा अर्चना कर सुन्दरकाण्ड पाठ किया। वहीं दूसरी ओर भक्तजनों ने अपने घरों में सुन्दरकाण्ड पाठ व हनुमान चालीसा पढ़ कर श्री हनुमान जी को मनाया। इस दौरान मंदिरों व घरों में सामाजिक दूरी का ख्याल रखते भक्तजनों ने दानव रूपी कोरोना वायरस से मुक्ति दिलाये जाने की प्रार्थना भी की। मंदिरों में पुजारियों द्वारा पूजा-अर्चना व बाबा हनुमान जी को सिंदूर का चोला भी चढ़ाया गया।

रामलीला मौहल्ला स्थित दक्षिण मुखी प्राचीन श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव पर सामाजिक दूरी बनाकर पांच ब्राह्मणों ने सुंदरकांड पाठ एवम भजन कीर्तन किये। पण्डित विवेक चन्द्र शर्मा ने बाबा को चोला चढ़ाया। साथ ही मध्याह्न 12 बजे महाआरती की और बाबा को बेशन के लड्डू चूरमा व पंचामृत का भोग लगाया गया।

इधर शंकर चौके स्थित ऑवेलश्वर महादेव मंदिर में भी महन्त गोपाल भट्ट एवं पं0 प्रमोद भट्ट द्वारा मां अंजनी के लाल पवन पुत्र हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सर्व प्रथम विधिविधान के साथ चोला चढ़ाया। साथ ही सुन्दरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान उनके द्वारा सामाजिक दूरी का भी ध्यान रखा गया।

वहीं डहरिया सत्यलोक कॉलोनी में स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी श्री हनुमान जन्मोत्सव बहुत ही सादगी के साथ मनाया गया। महन्त संजय गुप्ता ने सुंदरकांड पाठ किया। तदोपरांत श्री हनुमान जी को लड्डुओं का भोग लगाया गया। लॉक डाउन के चलते यहां इस वर्ष विगत वर्षों की तरह भंडारे का आयोजन नहीं हो पाया।

महावीर गंज स्थित पीपल के वृक्ष के नीचे विराजमान हनुमान जी को भी चोला व प्रसाद चढ़ाकर जन्मोत्सव मनाया गया। वहीं घरों में भी लोगों ने हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ कर हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हलुवा, खीर इत्यादि का भोग लगाकर परिवार के लोगों में वितरण किया। साथ ही बाबा से कोरोना वायरस के संक्रमण को अपने प्रताप से समाप्त करने की कामना भी की।

इधर हल्द्वानी कोतवाली स्थित श्री हनुमान मंदिर, भोला नाथ गार्डन में श्री सत्यनारायण मंदिर, कालाढूंगी चौराहा स्थित श्री कालू सिद्ध मंदिर, मुखानी स्थित मां दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, प्राचीन देवी मंदिर, काठगोदाम स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर व बरेली रोड स्थित लटुरिया आश्रम राधा-कृष्ण मंदिर सहित महानगर के आदि मन्दिरों में भी श्री हनुमान भगवान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गयी।
रिपोर्ट : सुशील शर्मा/अतुल अग्रवाल



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


