समाचार सच, हल्द्वानी। मामूली बात को लेकर दुकानदारों व ऐंबुलेंस चालकों में विवाद हो गया। ऐंबुलेंस चालकों का आरोप है कि दुकानदारों ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस से भी अभद्रता की गई। ऐंबुलेंस चालकों की ओर से मारपीट तो पुलिस की ओर से अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बीती रात डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल के सामने ऐंबुलेंस चालकों व कुछ युवकों में मारपीट हो गई। आरोपी युवक दुकानदार व उनके साथी बताए जा रहे हैं। घटना के दौरान सड़क में काफी देर तक जाम लगा रहा। इस बीच मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ रहे युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मौके पर झगड़ रहे युवक पुलिस से ही उलझ गए। किसी तरह मामला शांत कराया गया। इस मामले में ऐंबुलेंस चालकों को चोट लगना बताया जा रहा है। न्यू फ्रैन्डस कालोनी गौजाजाली, उत्तर निवासी ऐंबुलेंस चालक मोहम्मद सुलेमान पुत्र सलीम अहमद व मोहम्मद मोनिश पुत्र सबीर अहमद की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। कहा गया है कि एसटीएच के सामने बैठे थे कि तभी लक्की, नारायण सिंह मेहरा, कृष्ण कान्त त्यागी (मोनी), विक्की अपने साथियों के साथ वहां आ धमके और गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि इस बीच दोनों के साथ मारपीट की गई और आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर मामले में दूसरा मुकदमा मेडिकल चौकी प्रभारी मनवर सिंह की ओर से दर्ज कराया गया है। कहा गया है कि जब वह मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंचे और बीच बचाव का प्रयास किया तो मटर गली में दुकान चलाने वाले मोहित गौड़, रोहित गौड़ के अलावा एम्बुलेंस चालक लक्की व उनके साथियों ने गाली गलौज करते हुए देख लेने की धमकी दी। इतना ही नहीं सरकारी कार्य में बाधा भी डाली गई। इस मामले में कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी युवकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसके लिए आरोपियों के संभावित ठिकानों में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












