समाचार सच, नैनीताल डेस्क। नैनीताल जिले के खूपी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस के पलटने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब कुमाऊं मोटर्स ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) की बस (संख्या यूके04पीए1112) हल्द्वानी से डीडीहाट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गेठिया पार कर खूपी गांव के पास एक तीव्र मोड़ पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में कुल 15 यात्री सवार थे, जिनमें हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में एक लगभग 30 वर्षीय युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। हालांकि, पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना या एक्सीलरेटर फंसना बताया जा रहा है, जिससे बस की रफ्तार अचानक अनियंत्रित हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



