वेलेंटाइन वीक की शुरु : गुलाब देकर किया प्यार का इजहार, शनिवार को प्रपोज-डे

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। वेलेंटाइन वीक की शुरुआत हो गई है और इसी के साथ शुरू हो गया है इंतजार प्रेम के त्योहार यानी वेलेंटाइन्स डे का। शुक्रवार वेलेंटाइन वीक का पहला दिन था, रोज-डे।

यह मौका है प्रेमी युगलों व विवाहितों के लिए अपने प्यार को और गाढ़ा करने का। जो इस राह में नए हैं, उनके लिए आज अपने प्रिय से दोस्ती गहरी करने का सुनहरा अवसर है। वैसे भी प्यार की पहली सीढ़ी दोस्ती ही होती है। हर प्रेमी युगल को वेलेंटाइन्स डे यानी 14 फरवरी का बेसब्री से इंतजार रहता है। अब अगले एक सप्ताह तक हर कोई प्यार के रंग में रंगा नजर आएगा। वेलेंटाइन वीक मौका देता है, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का। वेलेंटाइन वीक शुरू होने के साथ बाजार भी प्रेम की खुशबू से महकने लगा है। रोज-डे को लेकर व्यापारियों ने गुरुवार को ही तैयारी शुरू कर दी थी। शाम तक हर बाजार तरह-तरह के गुलाबों से गुलजार हो गया था। गुलाब का फूल अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे अच्छा मूक प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा एक मान्यता यह भी है कि महारानी विक्टोरिया के समय लोगों ने अपनी न बताई जाने वाली भावनाओं को व्यक्त करने के लिए गुलाब का फूल आदान-प्रदान करने की परंपरा शुरू की थी।

यह भी पढ़ें -   नन्हें-मुन्नों ने खेली सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल होली

लाल गुलाब: लाल गुलाब को प्रेम का प्रतीक माना जाता है। यह भावुकता, लालसा, प्यार की गहराई भी दर्शाता है। इसलिए इसे प्यार का इजहार करने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है।
पीला गुलाब: पीला रंग दोस्ती का रंग माना जाता है। ये सामंजस्य, खुशी, अपनापन और सच्चाई दर्शाता है इसलिए अगर आपको किसी से दोस्ती की शुरुआत करनी है, तो उसे पीला गुलाब दें।
सफेद गुलाब: सफेद रंग का गुलाब पवित्रता, शांति और एकता का प्रतीक माना जाता है। अगर आप अपने रिश्ते को लंबे समय तक बरकरार रखना है, तो पार्टनर को सफेद गुलाब दें।
गुलाबी गुलाब: इस रंग का गुलाब तारीफ और प्रशंसा के लिए दिया जाता है। गुलाबी गुलाब ग्रेस और अपनेपन को दर्शाता है।
नारंगी गुलाब: गुलाब का यह रंग जुनून और कृतज्ञता दर्शाता है। इसके अलावा यह उत्साह का भी प्रतीक है।

प्यार का त्योहार
7 फरवरी: रोज डे
8 फरवरी: प्रपोज डे
9 फरवरी: चॉकलेट डे
10 फरवरी: टैडी डे
11 फरवरी: प्रॉमिस डे
12 फरवरी: हग डे
13 फरवरी: किस डे
14 फरवरी: वेलेंटाइन्स डे

वुमेंस क्लब ने मनाया वेलेनटाइन डे
देहरादून। नवचेतना वुमेंस क्लब की ओर से वेलेनटाइन डे के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें क्लब से जुड़ी महिलाओं ने नृत्य के साथ ही परिधान प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुभाष रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष ममता गर्ग ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। इसके बाद कार्यक्रम की समन्वयक रितु गुप्ता ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के नियमों व शर्तों से अवगत कराया। वर्षा, स्मृति, प्रीति, पारुल व रश्मि ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से आगंतुकों का मन मोह लिया। हिंदी और पंजाबी गीतों पर महिलाओं ने नृत्य कर खूब वाहवाही लूटी। परिधान में साड़ी प्रतियोगिता में नीरा मित्तल और रुचि गर्ग अव्वल रहीं। इसके बाद सूट प्रतियोगिता में संगीता जैन और अंजना रस्तोगी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वेस्टर्न आउट फिट में बरखा गुप्ता और ऊषा नागलिया ने बाजी मारी। क्लब की कोषाध्यक्ष प्रोमिल गुप्ता ने अंत में सभी का आभार जताया। इस दौरान मुख्य रूप से प्रमिला गुप्ता, उमा मांगलिक, मंजू जैन, साधना गोयल, उमा विक्रम आदि उपस्थित थीं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440