
समाचार सच, हल्द्वानी। देश के पीएम के अगले 21 दिन तक के लॉक डाउन की घोषणा के बाद बुधवार प्रातः 10 बजे के बाद पुुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की महानगर हल्द्वानी में सख्ती नजर आयी। उन्होंने स्वयं सड़कों पर उतर कर पूरे दिन स्थिति का जायजा। इस दौरान लॉक डाउन के दौरान जहां अनावश्यक घूम रहे लोगों पर लाठियां फटकारते हुए उन्हें घर का रास्ता दिखाया। वहीं कई जगहों पर खोले गये प्रतिष्ठानों के चालाना भी किये। फिलहाल बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की सख्ती के चलते हल्द्वानी महानगर में लॉक डाउन का पूरा असर दिखा।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सड़कों पर उतर कर स्थिति का जायजा लेते रहे। सिटी मजिस्ट्रेट ने मंगल पड़ाव में खुली एक आईसक्रीम फैक्ट्री को भी पकड़ा। इस फैक्ट्री में दर्जनभर श्रमिक काम कर रहे थे। जिन पर लाठियां फटकारी गई। साथ ही श्रमिकों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई। जबकि फैक्ट्री संचालित करने वाले का चालान किया गया। वहीं बनभूलपुरा थाना पुलिस ने बरेली रोड के उजाला नगर में टाईल्स को गोदाम खोलने पर उसके स्वामी को हिरासत में ले लिया। जबकि गाड़ी से टाईल्स उतारने वाले 12 श्रमिकों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया और गोदाम को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने गोदाम स्वामी मोहम्मद तौफीक का दस हजार रूपये का पुलिस एक्ट में चालान भी किया है। साथ ही थाना पुलिस ने बेवजह सड़कों पर घूमने वाले 25 लोगों का पुलिस एक्ट में चालान किया। वहीं मंगल पड़ाव चौकी पुलिस ने बेवजह घूमने वाले दर्जनों लोगों पर लाठियां फटकार कर खदेड़ा। बैंक, कोषागार व आवश्यक वस्तुओं की दुकानें निर्धारित समय प्रातः 7 से 10 बजे तक ही खुली रही। बंद होने के 15 मिनट पूर्व ही पुलिस-प्रशासन ने दुकानें बंद करने के साथ ही लोगों से वापस घरों को लौटने की अपील करनी शुरू कर दी थी। इसके बाद प्रशासन ने निर्धारित समय पूर्ण होने के बाद दुकान खोलने व बेवजह घूमने वालों के खिलाफ कार्यवाही करनी शुरू कर दी।
पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेटिंग लगाकर वाहनों को रोका और उचित वजह न बताने वाले वाहनों को सीज करने की कार्यवाही की गई। आवश्यक सेवा से जुड़े वाहन ही बुधवार को सड़कों पर संचालित होते दिखाई दिये। वहीं लॉक डाउन के बाद सिडकुल में फैक्ट्रियां बंद हैं। ऐसे में यहां किराये में रहने वाले सिडकुल में काम करने वाले करीब दर्जनभर युवकों को उनके मकानस्वामियों ने निकाल दिया। इस पर सभी युवक कोतवाली पहुंचे और पुलिस-प्रशासन से मदद मांगी। इनमें अधिकांश युवक बागेश्वर व अन्य पर्वतीय क्षेत्र के रहने वाले थे। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद इन्हें गंतव्य तक भेजने की अनुमति दी गई।

बुधवार को भी यहां बाहर से आने वाले पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों का आना लगा रहा। रोडवेज स्टेशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यात्रियों के स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच की। साथ ही उनसे किसी बाहरी व्यक्ति के संपर्क में आने या न आने की बात भी पूछी गई। चिकित्सकों ने यात्रियों को यह भी सलाह दी कि वह अपने घर पहुंचने के बाद भी ऐहतियात बरतें और अपने को परिवार के सदस्यों से कुछ समय के लिए दूर रखें। प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के बाद इन यात्रियों को रोडवेज बस की मदद से गंतव्य को भेज दिया गया। काठगोदाम थाना पुलिस ने भी रेलवे स्टेशन में जाकर वहां रूके लोगों से वार्ता की। यहां करीब दो दर्जन लोग फंसे हुए थे। जिन्हें पर्वतीय क्षेत्रों में जाना था। इस पर एसओ नंदन सिंह रावत ने सिटी मजिस्ट्रेट से वार्ता कर उन्हें उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था कराई। इसके अलावा यहां भी बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को खदेड़ा गया।
लॉक डाउन के दौरान एसएसपी सुनील कुमार मीना भी लॉक डाउन के दौरान शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे। कुसुमखेड़ा क्षेत्र में उन्होंने सड़क पर घूम रहे लोगों से वजह पूछी और बिना वजह सड़क पर न निकलने की अपील की। लेकिन कुछ लोग इस अपील के बाद भी सड़कों पर ही रहे तो एसएसपी ने उन्हें खूब दौड़ाया। साथ ही पुनः सड़क में दिखने पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाने की चेतावनी दी। कुसुमखेड़ा चौराहे में मुखानी थाना पुलिस एसओ भगवान सिंह महर के नेतृत्व में बैरिकेटिंग लगाकर चैकिंग कर रही है। यहां पुलिस आने-जाने वाले हर वाहन को रोक रही है और सड़क पर निकलने वालों से वजह पूछी जा रही है। यहां पुलिस ने कई वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की है। इधर कोरोना वायरस से बचाव को लागू किये गये लॉक डाउन के दौरान कोई भी सख्श घरों से बाहर न निकलने इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने मौलानाओं के साथ बैठक की। क्षेत्र की 34 में से 12 बड़ी मस्जिदों के मौलानाओं से कहा कि गया कि वह नमाज के बाद लोगों से लगातार घरों से बाहर न निकलने की अपील करें। साथ ही मास्क व सेनिटाईजर का प्रयोग करने को कहें। इसके बाद अधिकांश मस्जिदों में क्षेत्र के लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


