समाचार सच, लालकुआं। लालकुआं-नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में निर्माणाधीन 85 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का अशोक कुमार जोशी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को परियोजना समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने प्लांट में उपयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। साथ ही डेयरी विकास से संबंधित व्यवस्थाओं, मशीनरी स्थापना और तकनीकी तैयारियों पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी, जिससे दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
निदेशक ने दुग्ध शाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी एवं अन्य उत्पादों की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक शुद्ध और सुरक्षित उत्पाद पहुंच सकें।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आधुनिक मशीनरी की स्थापना शीघ्र पूरी कर प्लांट का संचालन समय पर शुरू किया जाना आवश्यक है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



