समाचार सच, हल्द्वानी। अनियंत्रित तेल का टैंकर सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराया। इस हादसे में टैंकर क्लीनर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर काटकर शव बाहर निकाला। शव पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना देर रात नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में घटित हुई। जानकारी के अनुसार बरेली से तेल भर एक टैंकर पर्वतीय क्षेत्र के लिए रवाना हुआ। रात्रि करीब ढ़ाई बजे यह टैंकर टेड़ी पुलिया के पास पहुंचा ही था कि तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे असंतुलित हुआ टैंकर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में टैंकर क्लीनर 24 वर्षीय अरविन्द कुमार सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी थाना बिनावर जिला बदायूं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। साथ ही वह टैंकर के अंदर फंस गया। इसकी सूचना पर काठगोदाम एसओ विमल कुमार मिश्रा व एसआई कृपाल सिंह मौके पर पहुंचे और टैंकर काटकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने चालक से जानकारी जुटाने के बाद घटना की सूचना मृतक के परिवारजनों को दी। इस सूचना से परिवारजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यहां बता दें कि नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे काठगोदाम से लेकर आवास विकास तक वाहनों की लाईनें लगी रहती हैं। जिसके चलते पूर्व में भी कई बार हादसे हो चुके हैं। दुर्घटनाओं के बाद कई बार पुलिस ने इन वाहनों को सड़क से हटाने की कवायद भी शुरू की, लेकिन समय बीतने के बाद स्थिति जस की तस हो गई और सड़क किनारे वाहन पार्क होने लगे। जिसका परिणाम बीती रात हादसे के रूप में सामने आया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












