समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। उत्तराखंड के हल्द्वानी में मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मूर्तियां, घंटियां सहित अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को हेमचंद पंत ने कोतवाली मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने अमृत आश्रम के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर पीतल और तांबे की मूर्तियां, घंटियां, आरती स्टैंड, आर्टिफिशियल गहने, माइक, बैग समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उप निरीक्षक रजनी आर्या को जांच सौंपी गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ के निर्देश पर थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। इसके बाद लगातार निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 21 मार्च को पुलिस ने आरोपी को काठगोदाम बाईपास रोड पर हेडखान मंदिर कटघरिया के पास गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से काली माता, दुर्गा माता और गणेश जी की मूर्तियां, तांबे के लोटे, पीतल की घंटियां, आरती स्टैंड, आर्टिफिशियल झुमके-नथ, माइक, बैग, दीये, कटोरी और जनेऊ धागा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में एफआईआर संख्या 30/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक रजनी आर्या, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



