समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे झाड़ियों के बीच एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करीब 10 से 12 दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह देहरादून जिले के भोगपुर क्षेत्र में कुछ लोग नदी किनारे लकड़ियां लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वन विकास निगम के खनन तौल कांटे से कुछ दूरी पर झाड़ियों के बीच उन्हें एक युवक का शव दिखाई दिया। शव देखकर लोग घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रानीपोखरी थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोलिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।
पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में एक युवक घूमता हुआ दिखाई दिया था। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी किनारे मिला शव उसी युवक का हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।
प्रारंभिक जांच में शव करीब 10 से 12 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



