समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात चोरों ने ट्रेनिंग सेंटर को निशाना बनाकर वहां से सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। मामले में पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है। शीशमहल में राजकीय मेडिकल कॉलेज का अर्बन हेल्थ ट्रेंनिंग सेंटर व कम्युनिटी मेडिसन विभाग संचालित है। बताया जाता है कि बीती रात चोरों ने ट्रेनिंग सेंटर को अपना निशाना बना लिया। घटना का पता मंगलवार की प्रातः रोज की भांति सेंटर खुलने पर चला। जब कर्मचारी सेंटर में दाखिल हुए तो वहां का नजारा देख वह भौंचक्के रह गये। ट्रेनिंग सेंटर में सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। साथ ही दो अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। इसके अलावा ट्रेनिंग सेंटर से 17 नलों की टोटियां समेत परिसर में रखे करीब 10 ताले गायब थे। इस पर कर्मचारियों को यह समझते देर न लगी कि सेंटर को चोरों ने अपना निशाना बना लिया है। इसकी सूचना तत्काल काठगोदाम थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। मामले में प्राचार्य की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












