समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा को लेकर आज अहम फैसला लिया जाएगा। प्रदेश में यात्रा मार्गों की मौजूदा स्थिति और मौसम के ताजा पूर्वानुमान की समीक्षा के बाद गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में तय किया जाएगा कि 30 जुलाई से यात्रा दोबारा शुरू की जाए या फिलहाल स्थगन जारी रखा जाए।
चारधाम यात्रा को सुरक्षा कारणों से फिलहाल दो दिनों के लिए रोका गया था। इस दौरान प्रशासन यात्रा मार्गों, पुलों और संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहा है। यदि मौसम में सुधार और मार्ग सुरक्षित पाए गए तो 30 जुलाई से श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि अंतिम निर्णय आज शाम होने वाली समीक्षा बैठक के बाद ही जारी किया जाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 29 और 30 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं चारधाम यात्रा मार्गों पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों और होल्डिंग एरिया में ठहराया गया है, जहां पेयजल, भोजन, शौचालय और पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बिना आधिकारिक सूचना के यात्रा मार्ग की ओर प्रस्थान न करें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



