समाचार सच, देहरादून। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का बड़ा संदेश दिया। देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि केवल सरकारी कार्रवाई से प्लास्टिक पर रोक संभव नहीं है, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाकर ही उत्तराखंड को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण अब केवल सफाई का विषय नहीं, बल्कि वन्यजीवों, नदियों, जल स्रोतों और पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। जंगलों में फेंका गया प्लास्टिक अक्सर वन्यजीवों के भोजन में मिल जाता है, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा पैदा होता है। उन्होंने कहा कि बाघों और जंगलों की सुरक्षा के लिए प्लास्टिक के खिलाफ निर्णायक अभियान समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं विशेष पोस्टकार्ड का विमोचन किया। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान साहस और जिम्मेदारी का परिचय देने वाले लोगों तथा वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध जैव विविधता और वन संपदा से है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और राजाजी टाइगर रिजर्व जैसे संरक्षित वन क्षेत्र प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर हैं। यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो बाघ भी सुरक्षित रहेंगे और पर्यावरण का संतुलन भी बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा मार्गों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी पालन के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसके साथ ही प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और रीसाइक्लिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से कपड़े के थैले, जूट एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक और अन्य कचरा छोड़ने से बचें। उन्होंने उद्योगों से इको-फ्रेंडली पैकेजिंग अपनाने और युवाओं से इस अभियान को गांव-गांव और स्कूल-कॉलेज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



