समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में चोरों का आतंक कम नहीं हो रहा है। चोर आए दिन किसी न किसी घर या प्रतिष्ठान को अपना निशाना बना रहे हैं। बेखौफ चोरों ने एक और बंद घर को अपना निशाना बना लिया। जहां से चोर माल ले उड़े हैं। गृहस्वामी के बाहर होने के चलते चोरी गये सामान की जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने तहरीर पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नेवी में तैनात नवीन कुमार का फ्रेंड्स कॉलोनी, तल्ली हल्द्वानी, धान मिल में मकान है। बताया जाता है कि वह गत वर्ष अक्टूबर माह में अपने विवाह के पश्चात से विशाखापटनम में रह रहा है। उसने घर की देखभाल के लिए चाबी जेआर पुरम में रहने वाले अपने भाई दीपक कुमार को दे रखी है। बकौल दीपक वह हफ्ते-दस दिन के अंतराल में नवीन के घर की देखरेख करने जाता है। बीती 11 फरवरी को उसे उसके भाई के पड़ोसी ने दूरभाष पर घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचा और नजारा देखा तो पैरोंतले जमीन खिसक गई। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त फैला हुआ था। इस पर उसे यह समझने में देर न लगी कि घर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। दीपक का कहना है कि उसे घर में रखे सामान की जानकारी नहीं है। वापस लौटने पर उसका भाई नवीन ही घर से चोरी गये सामान के बारे में जानकारी दे पायेगा। दीपक ने यह भी बताया कि वह 8 फरवरी को भाई के घर गया था, लेकिन उस दौरान सबकुछ सामान्य था। इसके बाद चोरों ने घर को निशाना बना लिया। इस मामले में दीपक की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इधर नगर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440