समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। लेकिन चोरों को पकड़ पाने में नाकाम पुलिस वारदातें भी नहीं रोक पा रही है। इस क्रम में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान में धावा बोलकर वहां से हजारों का माल उड़ा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है।
जानकारी के अनुसार काठगोदाम स्थित पुराने आरटीओ ऑफिस के निकट ऋषि कपूर की मोबाइल फोन की दुकान है। दुकान स्वामी ऋषि किसी कार्य से मुरादाबाद गया हुआ था। गुरूवार प्रातः जब उसका भाई दुकान खोलने पहुंचा। तब उसने दुकान का शटर उठाया तो अंदर का नजारा देखकर उसके पैरो तले जमीन खिसक गयी। दुकान के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जबकि पीछे की दीवार टूटी हुई थी। इस पर उसे यह समझने में देर न लगी कि दुकान में चोरों ने धावा बोला है। उसने इसकी सूचना तुरन्त पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। दुकानस्वामी ने पुलिस को बताया कि चोर दुकान से 6 हजार की नगदी, तीन इन्वेटर, 9 मोबाइल फोन समेत पेन ड्राइव व मैमोरी कार्ड चोरी कर ले गये हैं। पीड़ित की ओर से मामले में पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440













