समाचार सच, नैनीताल डेस्क। तल्लीताल क्षेत्र के गेठिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से तल्लीताल पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि वाहन संख्या यूपी 78 एचजे 4936 (वेन्यू कार) मुख्य मार्ग से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई थी। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
कार में कुल चार लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के उन्नाव से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान अतुल दुबे पुत्र सुनील कुमार और श्याम पुत्र राम सुमेर, निवासी पीतांबर नगर-2, उन्नाव के रूप में हुई है।
वहीं मृतकों की पहचान अभिराज पुत्र अशोक कुमार और अंकित चौधरी पुत्र धर्मेंद्र कुमार, निवासी पीतांबर नगर-2, उन्नाव के रूप में की गई है। दोनों के शवों को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस रेस्क्यू अभियान में स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



