समाचार सच, हल्द्वानी। चाकू लेकर वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों रात में शिकार की तलाश में थे। पुलिस ने दोनों को आर्म्स एक्ट में कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया है। शांति व्यवस्था कायम रखने व अपराधियों की धरपकड़ के लिए बीती रात पुलिस ने अभियान चलाया था। इस बीच पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। बनभूलपुरा थाना पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान रजा गेट के पास एक युवक संदिग्धावस्था में दिखा। जब वह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा तो उसे पीछा कर दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम नदीम पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी वार्ड 21, इन्द्रानगर बताया। पुलिस का कहना है कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इधर राजपुरा चौकी पुलिस ने भी गश्त के दौरान खान चन्द्र मार्केट के पास संदिग्धावस्था में घूम रहे युवक की तलाशी में अवैध चाकू बरामद किया। इस पर आरोपी संदीप गोस्वामी पुत्र लक्ष्मी नाथ गोस्वामी निवासी दमुवाढूंगा ज्वाहर ज्योति को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चाकू की नोंक पर रात्रि के समय अकेले इधर-उधर जाने वाले लोगों से लूटपाट करता है। रात्रि में भी वह शिकार की तलाश में था। पुलिस पकड़े गये आरोपियों का अपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। दोनों आरोपियों को कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












