धामी सरकार के फैसले बने मिसाल, उत्तराखंड में विकास को मिली नई रफ्तार: रक्षा मंत्री

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति और स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में देवभूमि उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह भूमि आस्था, अध्यात्म और तप की परंपरा से समृद्ध रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों को सौम्य, मेहनती और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के साथ प्रभावी निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा, “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो राज्य के विकास को नई दिशा दे रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में उत्तराखंड ने संघर्ष से विकास तक का सफर तय किया है। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो मजबूत अर्थव्यवस्था का संकेत है।
राजनाथ सिंह ने यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड ने देश में सामाजिक न्याय की दिशा में मिसाल पेश की है।
अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण पर सख्ती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना जरूरी है और इस दिशा में सरकार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ के संसाधनों का उपयोग स्थानीय विकास के लिए होना चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार मिले और पलायन रुके। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत क्षेत्रों के विकास और वाइब्रेंट विलेज योजना के जरिए ठोस प्रयास कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य में निवेश, पर्यटन, उद्योग, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी प्रगति हुई है।
ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं, जबकि स्टार्टअप और उद्योगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल विरोधी कानून से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
महिला सशक्तिकरण, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई से राज्य में सकारात्मक बदलाव आया है।
धामी ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे, होटल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों से रिवर्स पलायन को भी बल मिला है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री रेखा आर्य, रामसिंह कैडा,प्रदीप बत्रा,मदन कौशिक,गणेश जोशी, खजान दास, केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भटट, विधायक बंशीधर भगत, दिवान सिंह बिष्ट,सरिता आर्या, डा0 मोहन सिंह बिष्ट, शिव अरोडा, सुरेश गड़िया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



