समाचार सच, स्वास्थ्य डेस्क। हार्ट अटैक से बचाव के लिए रोजाना पैदल चलना चाहिए। इससे अन्य कई बीमारियों का खतरा भी काफी कम रहता है।
हार्ट अटैक से ऐसे करें बचाव
बीते कुछ समय से हार्ट अटैक के केस काफी बढ़ गए हैं। कोरोना वायरस, खराब लाइफस्टाइल और खानपान की गलत आदतों की वजह से दिल की बीमारियां बढ़ रही हैं। हार्ट डिजीज की रोकथाम के लिए डॉक्टर कई तरीके भी बताते हैं। इसी कड़ी में अब पता चला है कि प्रति दिन 6,000 से 9,000 कदम चलने से हार्ट डिजीज (सीवीडी) के जोखिम को काफी कम किया जा सकता है। जर्नल सर्कुलेशन में प्रकाशित स्टडी में यह खुलासा किया गया है।
इस स्टडी में अमेरिका और 42 अन्य देशों में 20,000 से अधिक लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया था। इस रिसर्च में शामिल लोगों की औसत आयु 63 वर्ष थी, जिसमें 52 प्रतिशत महिलाएं थीं। प्रति दिन 2,000 कदम चलने वाले लोगों की तुलना में, शोधकर्ताओं ने पाया कि रोजाना 6,000 और 9,000 कदम चलने वाले लोगों में दिल के दौरे और स्ट्रोक सहित हृदय रोग का जोखिम 40 प्रतिशत से 50 प्रतिशत कम था। मैसाचुसेट्स विश्वविद्यालय के प्रमुख लेखक डॉ. अमांडा पालुच ने कहा है कि पैदल चलने से हार्ट डिजीज के जोखिम में कमी देखी गई है।
ऐसे चल सकते हैं रोजाना 9 हजार कदम
- रिसर्च में शामिल डॉक्टरों का कहना है कि रोजाना 9 हजार कदम चलना मुश्किल नहीं है। यदि आप जागरूक हैं और अपनी शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सचेत कदम उठाते हैं, जैसे सीढ़ियों का अधिक उपयोग करना, अपनी कार को थोड़ी दूर पार्क करना तो आप अपने लक्ष्य को सहजता से प्राप्त कर सकते हैं आपको पहले दिन से लक्ष्य हासिल करने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन धीरे-धीरे इसे बढ़ा सकते है। एक सप्ताह तक रोजाना 500 कदम बढ़ाने का प्रयास करना शुरू करें, और फिर हर हफ्ते 500 कदम बढ़ाएं, जब तक कि आप अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच जाते हैं।
रोजाना पैदल चलने के हैं कई फायदे
- पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया में प्रोफेसर डॉ के श्रीनाथ रेड्डी का मानना है कि यह अध्ययन इस संदेश को पुष्ट करता है कि पैदल चलना दिल को स्वस्थ रखने के लिए फायदेमंद है। एक दिन में 6,000 से अधिक कदम चलने से मांसपेशियों में इंसुलिन प्रतिरोध कम हो सकता है, सूजन कम करते हुए हार्ट को लाभ होता है। यह बीपी और शरीर के वजन को भी नियंत्रण में रख सकता है। पैदल चलने से कब्ज से बचाव और डिप्रेशन का कम जोखिम भी कम हो सकता है। प्रति मिनट लगभग 100 कदम तेज गति से चलना विशेष रूप से उपयोगी होता है।
कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ भूषण बारी कहते हैं कि यह अध्ययन उन लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है जो घर से काम कर रहे हैं। ऐसे लोग चलने के लिए बिल्कुल भी समय नहीं निकाल पाते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



