भाजपा जब-जब सत्ता में आयी, राज्य के विकास कार्य हुए ठप: डॉ0 इंदिरा हृदयेश

खबर शेयर करें

-कांग्रेसजन 26 फरवरी को दिन में लालटेन जलाकर ढूंढेगी त्रिवेंद्र सरकार के विकास कार्यों को
-हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज मैदान से जन सैलाब लालटेन पदयात्रा के रूप में उतरेगा सड़कों पर

समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ0 इंदिरा हृदयेश ने कहा कि भाजपा जब-जब सत्ता में आयी है, प्रदेश में विकास कार्य ठप हो जाते हैं। विरासत में मिले बदहाल प्रदेश को संवारने में ही पांच साल लग जाते हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को कांग्रेसजन त्रिवेंद्र सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के विकास हेतु किये गये कार्यों को दिन में लालटेन जलाकर ढूंढने निकलेगी।

डॉ इंदिरा हृदयेश सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर कटाक्ष किया और समस्याओं को उजागर किया। कहा कि पेयजल व सीवर लाईनों को डालने में जो सड़कों की तोड़-फोड़ हुई है, उसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाये गये हैं। महंगाई को रोकने में सरकार पूर्णतया विफल रही है। हर क्षेत्र में बढ़ती महंगाई के कारण जनता बेहाल है। बसों का किराया, रसोई गैस, दूध, सब्जियों से लेकर पैट्रोल एवं दालों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। आम जरूरत की चीजों में बढ़ती महंगाई को दरकिनार कर सरकार ने एक ही बड़ा काम किया है। प्रदेश में शराब के दामों में भारी कमी कर युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्राधिकरण इस प्रदेश की जनता के लिए अभिशॉप बन गया है। प्राधिकरण के अनुचित मानकों के कारण यह ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के छोटे-बड़े किसानों एवं व्यापारियों सहित आम जनता के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। प्राधिकरण के नियमों के कारण यह भ्रष्टाचार का केंद्र बना हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत सभी विकास के कार्यों पर भाजपा सरकार अनुचित ढंग से रोक लगा रही है। तीन वर्ष बाद भी आईएसबीटी का कार्य प्रारंभ नहीं हो गया है। इतना ही नहीं कांग्रेस सरकार द्वारा निर्मित अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम में अभी तक सरकार द्वारा किसी भी तरह के खेलों का आयोजन नहीं किया गया है और न ही अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम के रखरखाव की जिम्मेदारी भी किसी को सौंपी ही गई है। जो भाजपा सरकार की खेल व खिलाड़ियों के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस के विधायकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कांग्रेसी विधायकों की विधानसभा क्षेत्रों को विकास से वंचित रखा जा रहा है। पूर्ववती सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं को रोककर भाजपा सरकार द्वेष भावना से ग्रसित होकर विकास अवरूद्ध करने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि भाजपा सरकार की विफल नीतियों के कारण सरकारी कर्मचारी सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में महिलायें भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। जिसके विरोध में 26 फरवरी को कांग्रेस के नेतृत्व में जन सैलाब एमबी इंटर कॉलेज मैदान से लालटेन पदयात्रा के रूप में सड़क पर उतरेगा।

वार्ता में पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल एवं कांग्रेस शहर अध्यक्ष राहुल छिमवाल मौजूद थे।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440