समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शाम चार के करीब इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में अब सवाल यही उठ रहा है कि उत्तराखंड का नया सीएम कौन होगा? नए सीएम की रेस में पांच नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिनमें राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धन सिंह रावत के अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक का नाम चर्चा में है। हालांकि, सूत्र भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी को भी प्रबल दावेदार बता रहे हैं। पार्टी का एक खेमा सांसद अजय भट्ट के नाम की पैरवी भी कर रहा है। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मंगलवार को सीएम वापस दून लौटे। बुधवार सुबह 11 बजे देहरादून में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुला ली गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षक भी इसमें शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बुधवार को होने वाली इस बैठक में विधानमंडल दल के नए नेता का चुनाव किया जाएगा। जहां तक मुख्यमंत्री के नए चेहरे का सवाल है, दिल्ली से लेकर देहरादून तक कई पार्टी नेताओं के नाम चर्चा में शामिल हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर विधायकों में से ही नया नेता चुना जाता है तो पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धनसिंह रावत के नाम सबसे आगे हैं। अगर विधायकों के अलावा पार्टी किसी अन्य वरिष्ठ नेता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लेती है तो इस स्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की दावेदारी सबसे मजबूत है। हालांकि एक खेमा नैनीताल के सांसद अजय भट्ट के नाम की भी चर्चा कर रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












