नैनीताल: शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से पिटाई, मौत के बाद फरार हुआ पति, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

खबर शेयर करें

समाचार सच, भीमताल/नैनीताल।
नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तल्ला ओखलकांडा में कथित तौर पर शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर चोटों के चलते पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद इन मासूम बच्चों के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस के अनुसार, तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह उर्फ मोनू (36) 21 अगस्त की रात मजदूरी करके घर लौटा था। आरोप है कि उस समय वह शराब के नशे में था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी डिंकी देवी (28) से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने पत्नी के साथ मारपीट की।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 24 अगस्त 2026, सोमवार| जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को रहना होगा सावधान

बताया जा रहा है कि मारपीट में डिंकी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह डिंकी देवी काफी देर तक नहीं उठी। बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि मां सुबह से नहीं उठी है। इसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में पंपलेट के जरिए प्रचार-प्रसार भी कर रही है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड की शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026, देशभर के 21 शिक्षकों में चयन

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा के मुताबिक, पत्नी की हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, भीम सिंह मजदूरी करता था और शराब का आदी बताया जाता है। परिवार की स्थिति भी बेहद दयनीय रही है। भीम सिंह और उसका बड़ा भाई सोनू बचपन में ही माता-पिता को खो चुके थे और दोनों भाइयों का पालन-पोषण उनके मामा ने किया था। बड़ा भाई सोनू दिल्ली में निजी नौकरी करता है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, जबकि चार छोटे बच्चों की मां की मौत ने पूरे गांव को गम और सदमे में डाल दिया है। एक परिवार में शराब और कथित घरेलू हिंसा ने ऐसी त्रासदी ला दी, जिसका दर्द इन चार मासूम बच्चों को जिंदगीभर झेलना पड़ सकता है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440