समाचार सच, देहरादून। राजधानी देहरादून में एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर थाना क्षेत्र की रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में हुई इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना की अलग तस्वीर सामने आई है।
मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई है। वह इंद्रा मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक, रोज की तरह दुकान से काम खत्म करने के बाद वह घर के पास स्थित एक गोदाम में दोस्तों से मिलने गया था। इसके बाद वह गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आखिर उस रात हुआ क्या था?
पुलिस को देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में मस्जिद के पास एक युवक कांच से घायल हो गया है और उसके साथी उसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक इफ्तिखार की मौत हो चुकी थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इफ्तिखार और अनस आपस में दोस्त थे। बताया गया कि शाम के समय दोनों अनस के कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान दूध पीने को लेकर दोनों के बीच शर्त लगी। दोनों ने करीब एक-एक किलो दूध पीने के बाद आपस में जोर आजमाइश शुरू कर दी।
इसी दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर जा गिरा। दरवाजा टूटने से कांच उसके दाहिने हाथ की बगल में जा घुसा। गंभीर चोट के कारण काफी खून बहने लगा। इसके बाद अनस और उसके अन्य साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
इफ्तिखार के बड़े भाई इंतजार आलम ने घटना की पुलिस को दी गई जानकारी में अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इफ्तिखार पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। भाई का आरोप है कि घटना के बाद उसके दोस्त उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल लेकर घूमते रहे और परिवार को समय पर घटना की जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर इफ्तिखार के साथ उस रात क्या हुआ था।
तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीन आरोपियों को आंचल डेयरी रोड, रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवक की मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
21 साल का इफ्तिखार अब इस दुनिया में नहीं है। परिवार के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर उस रात उसके साथ क्या हुआ था—हादसा, हमला या कुछ और? इसका जवाब पुलिस की जांच और सामने आने वाले साक्ष्य देंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



