22 नवंबर से शुरू होगा विश्व हिंदू परिषद का हितचिंतक अभियान, कुमाऊं के 9 जिलों और 60 प्रखंडों में होगा जनसंपर्क

खबर शेयर करें

15 दिनों तक गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों की दी जाएगी जानकारी

समाचार सच, हल्द्वानी।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक संपूर्ण कुमाऊं क्षेत्र में हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कुमाऊं के तीन विभागों, नौ संगठनात्मक जिलों और 60 प्रखंडों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। अभियान की जानकारी शनिवार को मुखानी चौराहे के पास स्थित शिव शक्ति गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बजरंग दल उत्तराखंड के प्रांत संयोजक पूरन चंद्र जोशी ने दी।

उन्होंने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से कुमाऊं क्षेत्र को नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ विभाग में विभाजित किया गया है। इन तीन विभागों के अंतर्गत कुल नौ संगठनात्मक जिले और 60 प्रखंड आते हैं। सभी प्रखंडों में 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चरणबद्ध तरीके से हितचिंतक अभियान संचालित किया जाएगा।

गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क स्थापित करना और विश्व हिंदू परिषद के सेवा, संस्कार एवं सांस्कृतिक कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। इसके तहत युवा, मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, व्यापारियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद किया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल : 21 नवंबर 2026, शनिवार | वैष्णव एकादशी व्रत आज, तुलसी-शालिग्राम पूजन के साथ चातुर्मास व्रत का होगा समापन

उन्होंने बताया कि सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

सामाजिक समरसता पर रहेगा विशेष जोर
अभियान में सामाजिक समरसता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इसके तहत जातिगत भेदभाव, ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग का संदेश दिया जाएगा।

इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार केंद्र, गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और आपदा के समय किए जाने वाले सेवा कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों तक पहुंचकर उन्हें भी संगठन की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   हरिद्वार में पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी, छोटे बेटे महेंद्र ने दी मुखाग्नि

VHP Connect ऐप से भी होगा पंजीकरण
पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि संपूर्ण कुमाऊं क्षेत्र में हितचिंतक निर्माण की प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से भी संचालित किया जाएगा। इसके लिए VHP Connect ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिसके माध्यम से अभियान से जुड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिल भारतीय सेवा प्रमुख आनंद हरबोला, बजरंग दल प्रांत संयोजक पूरन चंद्र जोशी, विभाग संगठन मंत्री मनोज पाटिल, जिला संयोजक बजरंग दल अंकित पाल, गौरक्षा प्रमुख नीरज मिश्रा, विद्यार्थी प्रमुख अंकित चतुर्वेदी, सह सेवा प्रमुख कुलदीप, प्रखंड मंत्री विपिन बहुगुणा, प्रखंड सह मंत्री दीपक पांडे और कार्यकर्ता श्याम मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440