लोक भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए लोगों से की खास अपील, बोले—अपनी मातृभाषा जरूर दर्ज कराएं
समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड की लोक संस्कृति और भाषा की पहचान को मजबूत करने के लिए प्रसिद्ध लोक गायक एवं गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने प्रदेशवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से जनगणना के दौरान मातृभाषा वाले कॉलम में अपनी वास्तविक भाषा का नाम दर्ज कराने का आग्रह किया है। उन्होंने खास तौर पर गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और जौनपुरी बोलने वालों से अपनी मातृभाषा का उल्लेख करने की अपील की।
अपने गढ़वाली भाषा में जारी संदेश में नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उत्तराखंड में स्वगणना की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान सभी गढ़वाली भाई-बहनों को जनगणना के कॉलम संख्या 14 में अपनी मातृभाषा जरूर दर्ज करनी चाहिए। जो लोग स्वगणना नहीं कर पा रहे हैं, वे 1 दिसंबर से घर-घर आने वाले जनगणना कर्मियों को अपनी मातृभाषा की जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि अपनी भाषा बोलने वालों की संख्या दर्ज होना महत्वपूर्ण है। उनकी अपील है कि अधिक से अधिक लोग अपनी मातृभाषा को सही रूप में दर्ज कराएं, ताकि भविष्य में इन भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना की प्रक्रिया
उत्तराखंड में जनगणना की तैयारियों के तहत 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हुई है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर से घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस बार डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जनगणना के दौरान लोगों से विभिन्न जानकारियां ली जाएंगी, जिनमें मातृभाषा से संबंधित जानकारी भी शामिल है।
नरेंद्र सिंह नेगी के इस संदेश का उद्देश्य प्रदेश की लोकभाषाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को अपनी भाषाई पहचान जनगणना में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



