नमामि गंगे घाट पर उमड़ा नेताओं और संतों का हुजूम, सीएम धामी ने खुद संभाली भीड़ को व्यवस्थित करने की कमान
समाचार सच, हरिद्वार।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में उनका निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे छोटे भाई महेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।
सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और संत-महात्मा नमामि गंगे घाट पहुंचे। घाट पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु जुटे।
सीएम धामी ने खुद संभाली व्यवस्था
अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्था संभालने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ का दबाव बढ़ता देख उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और व्यवस्था बनाने में जुट गए। वह लोगों को व्यवस्थित करते और रास्ता बनवाते नजर आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।
कई बड़े नेता और संत-महात्मा पहुंचे
अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर सांसद रवि किशन, उत्तराखंड भाजपा सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद मुनि महाराज और आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
इसके अलावा दोनों राज्यों के कैबिनेट मंत्री, लोकसभा सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भी सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। नमामि गंगे घाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



